खरना के साथ छठ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू, रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को देंगे पहला अर्घ्य

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
किशनगंज, 14 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुए महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रतियों ने पूरे विधि-विधान और पवित्रता के साथ खरना (लोहंडा) का अनुष्ठान किया।
खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया। रविवार को महापर्व के तीसरे दिन व्रती अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे।
खरना को लेकर सुबह से ही व्रतियों के घरों में विशेष तैयारी की गई। स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण कर व्रतियों ने मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से गुड़ की खीर, रोटी और अन्य पारंपरिक प्रसाद तैयार किए। शाम को भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना के बाद खरना का प्रसाद ग्रहण किया गया। इसके बाद परिवार के सदस्यों और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।
रविवार को संध्या अर्घ्य को लेकर जिले के डोक, देव घाट खगड़ा, प्रेम पुल घाट, शिव पूरी घाट और महानंदा नदी के दर्जनों घाट सजकर तैयार है।
डोक नदी के मिर्जापुर, बेलगच्छी, बक्सा, पड़लाबाड़ी, धोमनिया, सतमेढ़ी, कुसयारबाड़ी और जनता हाट सहित महानंदा नदी के इंद्रपुर, खरखड़ी, निचितपुर, भोटाथाना, झाड़बाड़ी, कोवाबाड़ी, गोरिहाट, कलियागंज, तैयबपुर, खरना, बड़ापोखर, चमरानी, केलाबाड़ी और जंगलबस्ती घाटों पर श्रद्धालुओं की विशेष तैयारी है। घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीत, भजन और बाजे-गाजे की गूंज से भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
कई घाटों पर पटाखों की आवाज और श्रद्धालुओं की भीड़ से मेले जैसा नजारा दिख रहा है। प्रशासन की ओर से विभिन्न घाटों पर अधिकारियों के साथ मजिस्ट्रेट की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।
रविवार शाम व्रती नदी, तालाब और निर्धारित घाटों पर पहुंचकर बांस के सूप और दउरा में फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री सजाकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रती पारण करेंगे। इसके साथ ही चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह