Live VNS

बीएचयू ट्रामा सेंटर में महिला का हंगामा, मारपीट का आरोप, दरोगा समेत दो घायल

बीएचयू ट्रामा सेंटर में महिला का हंगामा, मारपीट का आरोप, दरोगा समेत दो घायल

BK Pathak ·

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर में एक महिला द्वारा लगातार हंगामा और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। महिला पर ट्रामा सेंटर के सुरक्षाकर्मियों के साथ गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और छीना-झपटी करने का आरोप है। बार-बार समझाने के बावजूद उसका व्यवहार नहीं बदला तो पुलिस उसे नगवां चौकी ले गई। यहां भी महिला ने पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव के दौरान उपनिरीक्षक स्वामिल सिंह समेत दो लोग घायल हो गए। वहीं सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में बीएचयू का सुरक्षाकर्मी महिला को जमीन पर गिराकर बाल पकड़े दिखाई दे रहा है। इसको लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान जूली पुत्री इन्द्र, निवासी टिकरी, थाना चितईपुर, वाराणसी के रूप में हुई है। बताया गया कि महिला पहली बार ट्रामा सेंटर में सुरक्षाकर्मियों के साथ विवाद और गाली-गलौज कर रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे समझाकर वहां से भेज दिया। हालांकि, कुछ समय बाद वह दोबारा ट्रामा सेंटर पहुंच गई और फिर से हंगामा करने लगी। इस पर महिला सुरक्षाकर्मियों ने उसे नगवां पुलिस चौकी पहुंचाया। वहां पुलिसकर्मियों ने समझाने के बाद शांति बनाए रखने की हिदायत देकर उसे छोड़ दिया।

तीसरी बार पहुंची तो शुरू कर दी मारपीट

पुलिस के मुताबिक, समझाने के बावजूद महिला का व्यवहार नहीं बदला। वह तीसरी बार ट्रामा सेंटर पहुंची और सुरक्षाकर्मियों के साथ गाली-गलौज तथा छीना-झपटी करने लगी। स्थिति बिगड़ने पर ट्रामा सेंटर की महिला सुरक्षा कर्मी मोनी यादव और सरिता यादव अन्य सुरक्षाकर्मियों के साथ उसे लेकर नगवां चौकी पहुंचीं।

चौकी पर पुलिसकर्मियों ने एक बार फिर महिला को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उसने वहां भी हंगामा शुरू कर दिया और पुलिसकर्मियों व सुरक्षाकर्मियों से मारपीट करने लगी। बीच-बचाव करने पहुंचे उपनिरीक्षक स्वामिल सिंह और ट्रामा सेंटर के एक सुरक्षा कर्मी को चोटें आईं। पुलिस के अनुसार, इस दौरान महिला ने खुद को भी चोट पहुंचाने का प्रयास किया।

मेडिकल के बाद परिजनों को सौंपा

घटना के बाद पुलिस ने घायल उपनिरीक्षक और सुरक्षा कर्मी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। महिला को भी मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। पुलिस ने जूली के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 172(2) के तहत आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई की। विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…