मंदसौरः मौत के बाद भी महिला को नहीं मिली एंबुलेंस, ठेले पर अस्पताल ले जाना पड़ा शव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मंदसौर, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात महिला की मौत हो गई। शव को जिला अस्पताल पहुंचाने के लिए जीआरपी को एंबुलेंस नहीं मिली। जीआरपी ने कई बार फोन किया। 112 को भी सूचना दी। इसके बाद करीब 4 घंटे इंतजार किया। लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। हारकर फिर शव ठेले पर जिला अस्पताल ले जाना पड़ा।
घटना रविवार की मंदसौर रेलवे स्टेशन की है। ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत की सूचना पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की। इसके लिए 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद डायल 112 को भी बुलाया गया। जीआरपी ने आटो रिक्शा से शव अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। लेकिन इसकी भी व्यवस्था नहीं हो सकी।
काफी देर तक वाहन नहीं मिलने पर समाजसेवी शांतिलाल आगे आए। उन्होंने हाथ ठेले पर शव रखा। जिला अस्पताल पहुंचाया।
नीमच जीआरपी इंस्पेक्टर ममता अलावा ने बताया कि आटो रिक्शा से शव पहुंचाने का प्रयास किया था, लेकिन व्यवस्था नहीं हो सकी। इसलिए ठेले पर शव जिला अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। शव को जिला अस्पताल की मच्युर्री में फ्रीजर में रखवाया गया है। इंस्पेक्टर ममता अलावा के पास मंदसौर जीआरपी का भी प्रभार है। उन्होंने बताया कि महिला की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था में हुई, देरी को लेकर भी दिखवाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया