महिला आरक्षण संशोधन विधेयक ऐतिहासिक और युगांतरकारी कदम : महेंद्र भट्ट

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
देहरादून, 27 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने केंद्र सरकार की कैबिनेट द्वारा परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधन विधेयकों को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने इसे महिलाओं को नीति निर्माण की प्रक्रिया में भागीदारी देने वाला ऐतिहासिक और युगांतरकारी कदम बताया। उन्होंने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में यह निर्णय आधी आबादी के सशक्तीकरण का नया अध्याय लिखेगा।
शुक्रवार को जारी बयान में महेंद्र भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' की भावना को साकार करती है। इससे उत्तराखंड सहित पूरे देश की महिलाओं को विधायी कार्यों और राष्ट्र निर्माण में प्रत्यक्ष नेतृत्व का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने दशकों से लंबित महिला आरक्षण कानून को संसद से पारित कराया था। हालांकि, उस समय भी कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने इसमें बाधाएं उत्पन्न करने का प्रयास किया था।
महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण को जल्द लागू करने के लिए आवश्यक संशोधन विधेयक लाए जाने पर विपक्षी दलों ने बाधा पहुंचाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी महिला आरक्षण के अधिकार को शीघ्र लागू करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इस बार भाजपा को विश्वास है कि अपने आत्मबल और संख्याबल के आधार पर इन संशोधनों को संसद से पारित कराने में सफलता मिलेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महिला आरक्षण उत्तराखंड के लिए भी विशेष महत्व रखता है। राज्य निर्माण से लेकर प्रदेश के विकास तक यहां की मातृशक्ति की भूमिका अग्रणी रही है। परिसीमन और महिला आरक्षण संशोधन को लेकर देवभूमि में उत्साह है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो राजनीतिक दल इस बार भी महिला आरक्षण का विरोध करेंगे, उन्हें जनता आगामी चुनावों में करारा जवाब देगी।
परिसीमन से संबंधित विधेयक को उन्होंने संतुलित और न्यायपूर्ण जनप्रतिनिधित्व की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उनके अनुसार, इसमें राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाए रखते हुए सीटों की संख्या में समानुपातिक वृद्धि का प्रावधान किया गया है। इससे लोकतांत्रिक संघवाद मजबूत होगा और पहाड़ी तथा छोटे राज्यों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
महेंद्र भट्ट ने दावा किया कि परिसीमन के बाद उत्तराखंड में भी लोकसभा और राज्यसभा की सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि होगी। इससे प्रदेश की जनता को अधिक जनप्रतिनिधि मिल सकेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों संशोधन विधेयक विकसित भारत के संकल्प को गति देने के साथ संसदीय व्यवस्था को अधिक समावेशी, आधुनिक और जन आकांक्षाओं के अनुरूप बनाने में सहायक होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय