जींद : तान्या मलिक ने यूथ ओलिंपिक में सिल्वर मेडल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जींद, 12 नवंबर (हि.स.)। गांव ललित खेड़ा की बेटी बेटी तान्या मलिक ने सेनेगल के डकार में आयोजित यूथ ओलिंपिक गेम्स 75 किलोग्राम बीच रेसलिंग स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता है। तान्या यूथ ओलिंपिक में बीच रेसलिंग में मेडल जीतने वाली भारत की पहली पहलवान बन गई हैं। तान्या की इस उपलब्धि पर गांव में खुशी की लहर है। तान्या के साथ उनके पिता देवेंद्र मलिक भी गए हुए हैं और वो 11 नवंबर को गांव में पहुंचेंगे।
देवेंद्र मलिक ने बताया कि फाइनल से पहले हुए चारों मुकाबलों में तान्या ने जीत हासिल की। फाइनल मुकाबला चीन की झाओ मिन से हुआ। करीबी मुकाबले में तान्या को मिन झाओ से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा और गोल्ड मेडल से चूक गई। तान्या ने ग्रुप बी में अपने अभियान की शुरुआत जर्मनी की मिया माउर के खिलाफ की। इस मुकाबले में तान्या ने 3-1 से जीत हासिल की। दूसरे ग्रुप मुकाबले में ग्रीस की वासिलिकी कारावानू को हराया। क्वार्टर फाइनल में एस्टोनिया की मेरिली वेस्टर को 4-1 से हराया। सेमीफाइनल में अमेरिका की मटिल्डा एन ह्रुबी को 3-1 से हराया।
यूथ ओलिंपिक में पहली बार शामिल हुई बीच रेसलिंग
बीच रेसलिंग एक तेज रफ्तार कुश्ती प्रतियोगिता है, जिसका आयोजन रेत पर सात मीटर के गोलाकार क्षेत्र में किया जाता है। डकार यूथ ओलंपिक में इस खेल को पहली बार शामिल किया गया। इसमें प्रत्येक मुकाबला अधिकतम तीन मिनट का होता है। जो पहलवान सबसे पहले तीन अंक हासिल कर लेता है, उसे विजेता घोषित किया जाता है। अगर कोई खिलाड़ी ऐसा निर्णायक दांव लगाता है, जिसमें प्रतिद्वंद्वी पीठ के बल रेत पर गिरता हैए तो भी मुकाबला वहीं समाप्त हो सकता है।
कालेज से आने के बाद तीन घंटे से ज्यादा समय करती अभ्यास
कोच जगदीश ने बताया कि जब तान्या मलिक उनके पास अभ्यास के लिए आई थी, तब उसका वजन करीब 40 किलो था। अच्छी हाइट निकल आई, जिससे वजन भी बढ़ा। फिलहाल तान्या मलिक का वजन 72 किलो है और 75 किलो भार वर्ग में खेली है। पिछली प्रतियोगिता में 69 किलो भार वर्ग में खेली थी। कालेज में पढ़ाई के बाद शाम चार बजे खेल स्कूूल निडानी में अभ्यास के लिए आती हैं और तीन घंटे से ज्यादा समय तक पसीना बहाती हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा