Live VNS

हिसार के खिलाड़ियों ने सीनियर स्टेट वुशु चैंपियनशिप में जीते तीन पदक

हिसार के खिलाड़ियों ने सीनियर स्टेट वुशु चैंपियनशिप में जीते तीन पदक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

पायल और मोहित ने रजत, चंचल ने कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया जिले का गौरव

रायपुर पहुंचने पर विजेंद्र कुश्ती अकादमी में हुआ भव्य स्वागत

हिसार, 19 नवंबर (हि.स.)। हाल ही में फतेहाबाद में आयोजित सीनियर स्टेट वुशु

(महिला एवं पुरुष) चैंपियनशिप-2026 में हिसार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते

हुए तीन पदक हासिल किए। प्रतियोगिता में पायल, मोहित और चंचल ने अपने दमदार प्रदर्शन

से जिले का नाम रोशन किया। पायल ने 75 किलोग्राम भार वर्ग में रजत, मोहित ने 90 किलोग्राम

भार वर्ग में रजत और चंचल ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता।

पदक जीतकर रायपुर स्थित विजेंद्र कुश्ती अकादमी पहुंचने पर गुरुवार काे तीनों खिलाड़ियों

का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। अकादमी में खिलाड़ियों को फूल-मालाएं पहनाकर उनकी

उपलब्धि पर खुशी जताई गई। इस दौरान खेल प्रेमियों और प्रशिक्षकों ने उनका उत्साह बढ़ाते

हुए भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी पदक जीतने की शुभकामनाएं दीं।

डिस्ट्रिक्ट एसोसिएशन ऑफ वुशु, हिसार के मीडिया प्रभारी एडवोकेट नीरज वर्मा

और सचिव धीरज यादव ने बताया कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन

और प्रशिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों,

उनके प्रशिक्षकों और पूरी टीम को बधाई दी। एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल शर्मा, वरिष्ठ

उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार, उपाध्यक्ष पूनम जी, संदीप लोहान, संयुक्त सचिव तिलोक शर्मा,

यासीन खान और एडवोकेट मुकेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं

दीं। इस अवसर पर कोच विजेंद्र सिंह, मनीषा, नवीन, प्रदीप और दिनेश पुनिया ने खिलाड़ियों

की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। हिसार वुशु एसोसिएशन

ने कहा कि जिले में वुशु खेल को बढ़ावा देने और प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर मंच

उपलब्ध करवाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…