मुरादाबाद : हर्षोल्लास के साथ मनाया गया विश्व मत्स्यिकी दिवस

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- 12 किसानों का एनएफडीपी पोर्टल पर कराया गया पंजीकरण- 10 किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनवाए गए
मुरादाबाद, 22 नवंबर (हि.स.)। विश्व मत्स्यिकी दिवस के अवसर पर जनपद मुरादाबाद की तहसील कांठ के ग्राम चेतरामपुर में रविवार को मत्स्य विभाग द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 40 किसान एवं मत्स्य पालकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान मत्स्य पालकों को मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर 12 किसानों का सीएससी के माध्यम से एनएफडीपी पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया तथा 10 किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनवाए गए। साथ ही लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मत्स्य पालन के दौरान मछलियों में होने वाले विभिन्न रोगों एवं उनके प्रभावी प्रबंधन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त मनी एग्रो हब के सीईओ अय्यूब खान द्वारा मोती पालन की तकनीक, संभावनाओं एवं उससे होने वाले आर्थिक लाभ के विषय में किसानों को जानकारी देकर प्रोत्साहित किया गया।
अधिकारियों ने किसानों को मत्स्य पालन को स्वरोजगार एवं आय वृद्धि का बेहतर माध्यम बनाने के लिए विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया।
इस अवसर पर जनपदीय मत्स्य अधिकारी गणेश प्रसाद एवं ज्येष्ठ मत्स्य निरीक्षक मनोज कुमार उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल