Live VNS

युवाओं की आत्मनिर्भरता से ही समाज की वास्तविक प्रगति संभव : युवराज कपिलेश्वर सिंह

युवाओं की आत्मनिर्भरता से ही समाज की वास्तविक प्रगति संभव : युवराज कपिलेश्वर सिंह

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

दरभंगा 19 नवंबर (हि.स.)।

युवाओं का शिक्षित होने के साथ आत्मनिर्भर बनना भी जरूरी है। समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब युवा अपने हुनर और क्षमता के बल पर रोजगार हासिल कर आत्मनिर्भर बनें। ये बातें राज दरभंगा के युवराज कुमार कपिलेश्वर सिंह ने अम्बेडकर युवा केन्द्र की ओर से आयोजित प्रमाण पत्र वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कहीं।

अम्बेडकर मॉडल स्कूल परिसर में अम्बेडकर युवा केन्द्र एवं 'डॉक्टर्स फॉर यू' की सीएसआर पहल के तहत संचालित गरिमा प्रोजेक्ट के तत्वावधान में आयोजित समारोह में व्यावसायिक प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवक-युवतियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक के रूप में उपस्थित युवराज कपिलेश्वर सिंह ने कहा कि अम्बेडकर युवा केन्द्र से जुड़ना उनके लिए महज एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज सेवा का पवित्र संकल्प है। उन्होंने संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव आंबेडकर और अपने दादाजी महाराज कामेश्वर सिंह के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों विभूतियों ने स्वतंत्र भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने बाबासाहेब के मूल मंत्र 'शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो' को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि शिक्षा के साथ कौशल विकास और आत्मनिर्भरता पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

युवराज ने वर्ष 2009 में स्थापित अम्बेडकर युवा केन्द्र की 17 वर्षों की सामाजिक यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने वंचित और गरीब वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास किया है। गरिमा प्रोजेक्ट के माध्यम से युवक-युवतियों को व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना सराहनीय पहल है। उन्होंने संस्था के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

इस अवसर पर उन्होंने राजा सल्हेश मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण में भी सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही विजय कुमार पासवान एवं उनकी पूरी टीम को सफल आयोजन और सामाजिक कार्यों के लिए बधाई दी।

समारोह में राज दरभंगा के प्रबंधक आशुतोष दत्ता, अमरकांत झा, सीएम सिंह, आशीष झा, सत्यम सिंह, दीपक कुमार, बबलू कुमार, संतोष सिंह, राजू मंडल, प्रभाकर, मुकेश सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…