निरुआ स्कूल के समीप बाइक सवार तीन बदमाशों ने युवक को मारी गोली

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सीवान, 19 नवंबर (हि.स.)। महाराजगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दी है। गुरुवार को बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे एक युवक को बाइक सवार तीन बदमाशों ने निरुआ स्कूल के समीप गोली मार दी।
गोली युवक के हाथ में लगी, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी।
घायल की पहचान महाराजगंज थाना क्षेत्र के रढ़िया गांव निवासी वकील राय के पुत्र बंटी कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बंटी कुमार बाजार से खरीदारी कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान निरुआ स्कूल के समीप एक बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन युवकों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चला दी।
गोली उनके हाथ में जा लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गये। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को इलाज के लिए महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि घायल युवक ने गोली मारने के आरोप में पुलिस को तीन लोगों के नाम बताए हैं।
हालांकि, आरोपितों की संलिप्तता और घटना के पीछे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। पुलिस आरोपितों की पहचान, गिरफ्तारी और गोलीबारी के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma