52 विधानसभा क्षेत्रों में 1.04 लाख नए युवा मतदाता बनाने का लक्ष्य : सुनील साहू

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कानपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की सभी 52 विधानसभा सीटों पर दो-दो हजार नए युवा मतदाता जोड़े जाएंगे। इसके लिए विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और जिम में कैंप लगाकर पात्र युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। यह बातें रविवार को भाजपा कानपुर क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित युवा मोर्चा की बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनील साहू ने कहीं।
उन्होंने बताया कि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी 17 जिलों में अभियान चलाकर कुल 1.04 लाख नए युवा मतदाता बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शिक्षण संस्थानों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी वाले सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर उन्हें मतदाता बनने की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे।
सुनील साहू ने बताया कि 23 और 24 नवंबर को सभी जिलों में जिला स्तरीय कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें अभियान की कार्ययोजना तैयार कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। इसके बाद बूथ स्तर तक अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में मुख्य वक्ता प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अमन सिंह चौहान ने कहा कि युवा लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। नए मतदाताओं को मताधिकार के प्रति जागरूक कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना जरूरी है। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन युवाओं तक पहुंच बनाने और पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अभियान चलाएगा।
बैठक की अध्यक्षता सुनील साहू ने की और संचालन क्षेत्रीय महामंत्री अमित बाथम ने किया। इस दौरान छोटू त्रिपाठी, ओम बिहारी भार्गव, खेमराज शर्मा, दुर्गेश शुक्ला, सौरभ पटेल, मनीष बाजपेई, युवा मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप