युवतरंग 2026-27 का समापन, सरकारी एमएएम कॉलेज ने जीती ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जम्मू, 25 नवंबर (हि.स.)। क्लस्टर यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू का वार्षिक साहित्यिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव ‘युवतरंग 2026-27’ मंगलवार को गांधी नगर स्थित पीएसपीएस सरकारी महिला कॉलेज के सभागार में आयोजित समापन समारोह के साथ संपन्न हो गया। 16 नवंबर से शुरू हुए इस महोत्सव में विश्वविद्यालय के विभिन्न संघटक कॉलेजों और स्कूलों के विद्यार्थियों ने साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जम्मू नॉर्थ के विधायक शाम लाल शर्मा मुख्य अतिथि थे जबकि उच्च शिक्षा विभाग की डायरेक्टर कॉलेजेज डॉ. ट्विंकल सूरी सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) केएस चंद्रशेखर ने की। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं ट्रॉफियां प्रदान की गईं। सरकारी एमएएम कॉलेज ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सर्वोत्तम ओवरऑल विजेता ट्रॉफी अपने नाम की जबकि महिला कॉलेज गांधी नगर को उपविजेता ट्रॉफी मिली।
व्यक्तिगत श्रेणी में एसपीएमआर कॉलेज ऑफ कॉमर्स के कुनाल सिंह जम्वाल को थिएटर के लिए ‘अभिनेता’, स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड लिबरल आर्ट्स के मुकेश कुमार को संगीत के लिए ‘संगीतज्ञ’, एसपीएमआर कॉलेज के अरुण को रचनात्मक एवं ललित कला के लिए ‘रचनाकार’ और रिधम को साहित्यिक गतिविधियों के लिए ‘साहित्यकार’ ट्रॉफी दी गई। मुकेश कुमार को सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत कलाकार की ‘विजेता’ ट्रॉफी भी प्रदान की गई। संस्थागत श्रेणी में थिएटर के लिए एसपीएमआर कॉलेज ऑफ कॉमर्स को ‘रंगकर्मी’, संगीत के लिए सरकारी एमएएम कॉलेज को ‘अभिव्यक्ति’, नृत्य के लिए ‘नटराज’ और रचनात्मक एवं ललित कला के लिए ‘ललितकला’ ट्रॉफी मिली। साहित्यिक गतिविधियों में महिला कॉलेज गांधी नगर को ‘विशारद’ ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
कुलपति प्रो. चंद्रशेखर ने कहा कि युवतरंग विद्यार्थियों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और कलात्मक अभिव्यक्ति को निखारने का महत्वपूर्ण मंच है। मुख्य अतिथि शाम लाल शर्मा ने भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। डॉ. ट्विंकल सूरी ने महोत्सव से जुड़े अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए विश्वविद्यालय को इस परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए बधाई दी। कार्यक्रम का संयोजन डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. बनप्रीत कौर ने अपनी टीम के साथ किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न कॉलेजों के प्रिंसिपल, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा