यूक्रेन पर रूसी हमले का नया खतरा, जेलेंस्की ने अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों से मांगी पैट्रियट मिसाइलें

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कीव, 26 नवंबर (हि.स.)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने आशंका जताई है कि रूस उनके देश पर एक और बड़े हमले की तैयारी कर रहा है। इस बार भी ऊर्जा प्रतिष्ठानों, परिवहन एवं रसद ढांचे और आवश्यक सेवाओं को निशाना बनाया जा सकता है। जेलेंस्की ने अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों से यूक्रेन को अतिरिक्त वायु रक्षा प्रणालियां और इंटरसेप्टर मिसाइलें जल्द उपलब्ध कराने की अपील की है।
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि दुर्भाग्य से रूस एक नए बड़े हमले की तैयारियां लगभग पूरी कर चुका है। उन्होंने कहा कि यूक्रेनी खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार देश का ऊर्जा ढांचा एक बार फिर रूसी हमले का प्रमुख निशाना बन सकता है।
उन्होंने बताया कि रूसी हमलों में बिजली सबस्टेशनों, ओवरहेड बिजली लाइनों और पूरे पावर ग्रिड को नुकसान पहुंचा है। इसके बाद मरम्मत दल बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। जेलेंस्की ने कहा कि ऊर्जा ढांचे पर हमलों से आम लोगों की जिंदगी और आवश्यक सेवाओं पर असर पड़ रहा है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि वह अतिरिक्त वायु रक्षा सहायता को लेकर अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ हुई बातचीत पर विदेश मंत्रालय की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से अमेरिका निर्मित पैट्रियट और नासाम्स वायु रक्षा प्रणालियों के लिए इंटरसेप्टर मिसाइलों की आपूर्ति को प्राथमिकता बताया।
इस बीच, यूक्रेन को आर्थिक और सैन्य सहायता जारी रखने के मुद्दे पर यूरोपीय संघ के नेता ब्रसेल्स में बैठक कर रहे हैं। बैठक में संघ के अगले दीर्घकालिक बजट पर भी चर्चा हो रही है। यूरोपीय आयोग ने वर्ष 2027 में यूक्रेन को 45 अरब यूरो का अतिरिक्त ऋण देने का प्रस्ताव रखा है
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय