Live VNS

जिला प्रमुख चुनाव: बहुमत के बावजूद भाजपा ब्यावर में हारी, चूरू में राजेंद्र राठौड़ की बहू ने पलटा खेल

जिला प्रमुख चुनाव: बहुमत के बावजूद भाजपा ब्यावर में हारी, चूरू में राजेंद्र राठौड़ की बहू ने पलटा खेल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान की जिला परिषदों में जिला प्रमुख के चुनाव ने बुधवार को प्रदेश की सियासत में नया रोमांच पैदा कर दिया। कई जिलों में मुकाबला महज आंकड़ों का खेल नहीं रहा, बल्कि आखिरी समय तक चली रणनीति, क्रॉस वोटिंग और राजनीतिक जोड़-तोड़ ने पूरे समीकरण बदल दिए।

सबसे बड़ा उलटफेर चूरू में देखने को मिला, जहां कांग्रेस के बहुमत के बावजूद भाजपा की कनिका सिंह जिला प्रमुख बनने में सफल रहीं। कनिका सिंह पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की बहू हैं। इस जीत को राठौड़ की राजनीतिक प्रतिष्ठा से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

दूसरी ओर ब्यावर में भाजपा को बड़ा झटका लगा। जिला परिषद में बहुमत होने के बावजूद भाजपा प्रत्याशी निर्मला रावत को कांग्रेस की ममता गुर्जर ने महज एक वोट से हरा दिया। यहां भाजपा के 14 और कांग्रेस के 13 सदस्य थे, लेकिन मतदान के बाद नतीजा कांग्रेस के पक्ष में चला गया। इस परिणाम ने साफ कर दिया कि जिला प्रमुख चुनाव में सिर्फ बहुमत का आंकड़ा ही जीत की गारंटी नहीं है।

अब तक सामने आए परिणामों में कांग्रेस ने 24 जिलों में जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमाया है, जबकि भाजपा ने 10 जिलों में जीत दर्ज की है। बांसवाड़ा और डूंगरपुर में भारत आदिवासी पार्टी ने जिला प्रमुख बनाया, जबकि नागौर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने जीत हासिल की। कांग्रेस के लिए जयपुर, जोधपुर, अलवर, सीकर, बीकानेर, भरतपुर, धौलपुर, राजसमंद, दौसा, कोटपूतली-बहरोड़, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बाड़मेर, जैसलमेर, सवाई माधोपुर, फलोदी, जालोर, सलूंबर, टोंक, बूंदी, हनुमानगढ़, झुंझुनूं सहित कई जिलों में परिणाम उत्साह बढ़ाने वाले रहे।

बीकानेर में कांग्रेस की निकिता डूडी ने जिला प्रमुख पद पर जीत दर्ज की। निकिता कांग्रेस विधायक सुशीला डूडी की बहू हैं। चुनाव से पहले पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल की बेटी सरिता चौहान के निर्दलीय मैदान में उतरने से कांग्रेस के भीतर खींचतान खुलकर सामने आ गई थी।

मतदान के दौरान निकिता अपने साथ 24 सदस्यों को लेकर पहुंचीं, जबकि सरिता के साथ आठ सदस्य पहुंचे। अंततः निकिता ने बाजी मार ली।

जैसलमेर में कांग्रेस की संतोष कुमारी जिला प्रमुख बनीं। 21 वर्षीय संतोष कुमारी को राजस्थान की सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख बताया जा रहा है। खास बात यह रही कि यहां उनके सामने कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं था और उनका निर्विरोध निर्वाचन हुआ। दौसा में कांग्रेस विधायक डीडी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा और सवाई माधोपुर में पूर्व मंत्री अशोक बैरवा की पत्नी आशा देवी भी निर्विरोध जिला प्रमुख बनीं। दोनों परिणामों ने स्थानीय राजनीति में परिवार की राजनीतिक पकड़ को फिर चर्चा में ला दिया।

राजधानी जयपुर में जिला प्रमुख चुनाव के दौरान माहौल उस समय गर्म हो गया, जब कांग्रेस नेताओं ने मतदान केंद्र के अंदर जाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कांग्रेस विधायक विद्याधर चौधरी की पुलिस अधिकारियों से बहस भी हुई। बातचीत के बाद मामला शांत हुआ। जयपुर में कांग्रेस के यशवीर सूरा ने जीत हासिल की है। प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस के यशवीर सूरा को 42 वोट मिले।

बीजेपी के राजेश गुर्जर को 14 वोट मिले। बीजेपी के 13 ही सदस्य जीते थे। ऐसे में एक वोट ज्यादा मिला।

उधर भीलवाड़ा में भी मतदान से पहले कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तनातनी देखने को मिली। कलेक्ट्रेट में प्रवेश को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से भी बहस हुई।

अजमेर में भाजपा प्रत्याशी पूजा भंसाली ने जिला प्रमुख पद पर जीत दर्ज की। मतदान से पहले केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत और विधायक शत्रुघ्न गौतम सहित भाजपा नेता सदस्यों के साथ पहुंचे।

भागीरथ चौधरी ने दावा किया कि भाजपा में क्रॉस वोटिंग की कोई गुंजाइश नहीं है और पार्टी का उम्मीदवार प्रचंड बहुमत से जीत रहा है।

जीत के बाद पूजा भंसाली की बेटी ने उन्हें गले लगा लिया। इस भावुक क्षण के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया।

कुछ जिलों में मुकाबला इतना पेचीदा रहा कि परिणाम का फैसला लॉटरी से हुआ। डीडवाना-कुचामन में भाजपा के बुद्धाराम गर्वा और डूंगरपुर में भारत आदिवासी पार्टी के अनुतोष रोत को लॉटरी के जरिए जीत मिली। ऐसे परिणामों ने जिला प्रमुख चुनाव की रोमांचक तस्वीर को और दिलचस्प बना दिया।

नागौर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के पांचाराम जिला प्रमुख बने। यह परिणाम आरएलपी के लिए खास माना जा रहा है। वहीं बांसवाड़ा और डूंगरपुर में भारत आदिवासी पार्टी ने जिला प्रमुख पद हासिल कर आदिवासी क्षेत्र की राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।

जिला प्रमुख चुनाव के परिणामों ने एक बार फिर साबित किया कि पंचायत की राजनीति में केवल सदस्यों की संख्या ही सब कुछ नहीं होती। ब्यावर में बहुमत के बावजूद भाजपा की हार और चूरू में कांग्रेस के बहुमत के बावजूद भाजपा की जीत ने राजनीतिक दलों की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं क्रॉस वोटिंग की संभावनाओं, निर्दलीय सदस्यों की भूमिका और अंतिम समय तक चले राजनीतिक समीकरणों ने इन चुनावों को विधानसभा चुनाव से कम रोचक नहीं रहने दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…